फरवरी में भारत-पाक के बीच समझौते के बाद एलओसी, आईबी पर संघर्ष विराम उल्लंघन की छह घटनाएं

नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) सरकार ने मंगलवार को कहा कि जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर सीमापार गोलीबारी से संबंधित सभी समझौतों का पालन करने के लिए फरवरी में भारत और पाकिस्तान के बीच सहमति होने के बाद से संघर्ष विराम उल्लंघन की केवल छह घटनाएं घटीं।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि 2020 में संघर्ष विराम उल्लंघन की 5,133 घटनाएं घटीं, 2019 में ऐसी 3,479 और 2018 में 2,140 घटनाएं घटी थीं।

राय ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों के बीच हॉटलाइन पर निर्धारित बातचीत के बाद 25 फरवरी, 2021 को संयुक्त वक्तव्य जारी किया गया, जिसमें भारत और पाकिस्तान दोनों ने 24-25 फरवरी, 2021 की दरमियानी रात से नियंत्रण रेखा पर और अन्य सभी क्षेत्रों में सभी समझौतों, सहमतियों और संघर्ष विराम का सख्ती से पालन करने पर सहमति जताई।

मंत्री के जवाब के मुताबिक, इस साल जनवरी में संघर्ष विराम उल्लंघन की 380 घटनाएं घटीं, वहीं फरवरी में 278 घटनाएं घटीं।

राय ने बताया कि मार्च महीने में संघर्ष विराम उल्लंघन की एक भी घटना नहीं घटी, वहीं अप्रैल में एक, मई में तीन और जून में दो ऐसी घटनाएं घटीं।



from Pakistan News in Hindi, पाकिस्तान समाचार, Latest Pakistan Hindi News, पाकिस्तान खबरें https://ift.tt/3jfszrX

Post a Comment

0 Comments